अपराधियों पर नकेल कसने उतरी हाईस्पीड एसयूवी, बरेली में डायल 112 के बेड़े को मिली नई ताकत

Share This

अपराधियों के खिलाफ अभियान को और धारदार बनाने के लिए यूपी पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल 112 अब और दमदार हो गई है। सोमवार को एसएसपी अनुराग आर्य ने 12 नई चारपहिया पीआरवी गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर जिले के लिए रवाना किया। इन गाड़ियों में स्कॉर्पियो और इनोवा क्रिस्टा जैसी तेज रफ्तार एसयूवी शामिल की गई हैं, जो अपराधियों की स्पीड का मुकाबला कर सकेंगी।

पुराने हो गए थे वाहन 

पहले पुलिस के पास सूमो और बोलेरो जैसे पुराने वाहन थे, जिनकी रफ्तार अपराधियों की कारों के आगे अक्सर धीमी पड़ जाती थी। कई बार बदमाश इसी वजह से पुलिस की पकड़ से बच निकलते थे। अब नई एसयूवी के आने से पुलिस की प्रतिक्रिया समय (response time) और पीछा करने की क्षमता काफी बढ़ जाएगी।

ये हाईस्पीड गाड़ियां शहर और देहात के चुनिंदा थानों पर लगाई गई हैं। इनमें इज्जतनगर, नवाबगंज, बहेड़ी, हाफिजगंज, सिरौली, विशारतगंज, शाही, क्योलड़िया, भुता और फतेहगंज पूर्वी जैसे अहम थाने शामिल हैं।

अन्य अफसर भी रहे मौजूद

पीआरवी बेड़े में नई गाड़ियों को शामिल करने के मौके पर कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान, एसपी उत्तरी मुकेश चंद मिश्रा, एसपी क्राइम मनीष सोनकर के साथ-साथ सीओ प्रथम आशुतोष शिवम और सीओ सेकेंड सोनाली मिश्रा भी शामिल रहे।

पुलिस का मानना है कि इन नई गाड़ियों से न केवल अपराधियों को पकड़ना आसान होगा, बल्कि आपातकालीन सेवा यूपी-112 की साख और भरोसा भी और मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *