UP के पूर्व डीजीपी की पत्नी को केंद्र सरकार में अहम जिम्मेदारी

Share This

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राधा चौहान को एक अहम जिम्मेदारी सौंपी है। सोमवार, 4 अगस्त को जारी आदेश के अनुसार, राधा चौहान को क्षमता निर्माण आयोग (CBC) की पूर्णकालिक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय की ओर से की गई है, जो सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अधीन कार्य करता है।

कौन हैं राधा चौहान

उत्तर प्रदेश कैडर की 1988 बैच की अधिकारी राधा चौहान ने इसी वर्ष 30 जून को कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की सचिव के पद से सेवानिवृत्ति ली थी। नियुक्ति आदेश के मुताबिक, वह तीन वर्षों तक या अगले आदेश तक इस पद पर कार्यभार संभालेंगी। उल्लेखनीय है कि राधा चौहान उत्तर प्रदेश पुलिस के पूर्व डीजी डीएस चौहान की पत्नी हैं।

ये है आयोग का कार्यक्षेत्र

1 अप्रैल 2021 को स्थापित क्षमता निर्माण आयोग का उद्देश्य केंद्र और राज्यों के सरकारी तंत्र को अधिक दक्ष और परिणामोन्मुख बनाना है। यह आयोग मंत्रालयों, विभागों और सरकारी संस्थानों की वार्षिक क्षमता निर्माण योजनाओं के निर्माण में मार्गदर्शन करता है और कार्मिक नीतियों से जुड़े सुझाव कार्मिक विभाग (DoPT) को देता है।

अब तक आयोग द्वारा 3.82 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। 107 मंत्रालयों व विभागों और 100 प्रशिक्षण संस्थानों से इसकी साझेदारी है। आयोग वर्तमान में 9 राज्यों में सेवाएं दे रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *