वाराणसी की लंका और दशाश्वमेध थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने शुक्रवार की रात एक बड़ी सफलता हासिल की जब उन्होंने डाफी टोल प्लाजा हाईवे अंडरपास के पास एक इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। आरोपी की पहचान कांशीराम आवास, शिवपुर निवासी विशाल कुमार प्रजापति के रूप में हुई है, जिस पर ₹25,000 का इनाम घोषित था।
कई मामलों में था फरार
विशाल पर लूट, चोरी और स्नैचिंग जैसी घटनाओं के कई मामले पहले से दर्ज हैं। दशाश्वमेध क्षेत्र में हाल ही में पर्यटकों से चोरी की घटना में भी उसका नाम सामने आया था। उसके खिलाफ कुल आठ केस दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट भी शामिल है।
सूचना मिली थी कि बीएचयू परिसर के आसपास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में वह घूम रहा है। इस पर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए दशाश्वमेध थाना प्रभारी वीके शुक्ला और लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में एक टीम गठित की। जब पुलिस ने विशाल को लौटूबीर पुलिया की ओर जाते समय रोका, तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
कराया गया एडमिट
पुलिस ने मौके से एक तमंचा, तीन कारतूस और ₹6700 नकद बरामद किए हैं। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीसीपी क्राइम सरवणन टी और एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने टीम की कार्रवाई को साहसिक बताया और सराहना की।