कहते हैं, सोशल मीडिया पर फेमस होने का नशा इंसान को कहां से कहां पहुंचा देता है। जौनपुर में तैनात सिपाही विनय शंकर की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। इंस्टाग्राम पर उसके 10 लाख से ज्यादा फॉलोअर हैं, महंगी गाड़ियों, लेटेस्ट आईफोन और स्टाइलिश फोटो-वीडियो के चलते वो युवाओं के बीच किसी स्टार से कम नहीं था। लेकिन अब उसी स्टार सिपाही को लखनऊ पुलिस सरगर्मी से तलाश रही है। आरोप है कि उसने वर्दी की आड़ में दिल्ली के एक व्यापारी से करोड़ों के सोने की लूट को अंजाम दिया।
विनय शंकर मूल रूप से रायबरेली के बछरावां का रहने वाला है। मौजूदा समय में उसकी तैनाती जौनपुर के लाइन बाजार थाने में है। ड्यूटी पर उसे जनता की सेवा करनी थी, लेकिन उसने खाकी का इस्तेमाल ही लूट के लिए कर लिया।
तीन अकाउंट, लाखों फॉलोअर
विनय इंस्टाग्राम पर तीन अलग-अलग नामों से अकाउंट चलाता है – Victor Vinay, Crazy Vinay और up62jaunpur। तीनों पर मिलाकर फॉलोअर की संख्या 10 लाख से पार है। उसके पेज पर पुलिसिंग या किसी की मदद से जुड़ा एक भी पोस्ट नहीं है। सिर्फ रील, फोटो, महंगी गाड़ियां और शौक। उसने अपना व्हाट्सएप नंबर तक पब्लिक कर रखा है। एक फोटो के साथ उसने लिखा था – Work Smart Not Hard… अब यही लाइन उसके खिलाफ ही सबूत बन गई है।
पुलिस के मुताबिक दिल्ली के व्यापारी महेंद्र दास से करोड़ों के सोने की लूट का मास्टरमाइंड यही विनय शंकर था। उसने अपने साथी सिपाही दुर्गेश कुशवाहा, जो लखनऊ में तैनात है, और कस्टम के सिपाही अविनाश शाही के साथ मिलकर पूरी वारदात को अंजाम दिया। तीनों ने पुलिस की वर्दी पहनी और व्यापारी को रोककर सोना लूट लिया।
अफसरों की अनदेखी भी जिम्मेदार
डीजीपी मुख्यालय से सोशल मीडिया को लेकर बार-बार निर्देश जारी होते रहे, लेकिन जिले के अफसरों ने कभी विनय की गतिविधियों पर ध्यान नहीं दिया। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर वो सोशल मीडिया सेंसेशन भी बनता गया और अपराध की दुनिया में भी आगे बढ़ता गया।
लखनऊ के जेसीपी लॉ एंड ऑर्डर बबलू कुमार का कहना है कि कुछ आरोपी पकड़े जा चुके हैं। विनय के पकड़े जाने के बाद ही पता चलेगा कि उसने पहले भी इस तरह की कितनी वारदातें की हैं। फिलहाल जांच चल रही है और विनय फरार है।