यूपी पुलिस भर्ती में मेडिकल पास कराने का खेल बेनकाब, PAC के सिपाही और प्रधान लिपिक पर FIR

Share This

गाजियाबाद। पुलिस भर्ती में नौकरी पाने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों को निशाना बनाकर ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मेडिकल परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर अभ्यर्थियों और उनके परिवार वालों से पैसे मांगे जा रहे थे। इस मामले में 47वीं वाहिनी पीएसी में तैनात एक आरक्षी और प्रधान लिपिक की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने दोनों कर्मचारियों समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

मामले की शुरुआत 17 नवंबर को हुई, जब गोविंदपुरम स्थित 47वीं वाहिनी पीएसी के अधिकारियों को एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की जानकारी मिली। शिकायत थी कि इस नंबर से पुलिस आरक्षी भर्ती-2025 के अभ्यर्थियों को फोन किए जा रहे हैं। फोन करने वाले मेडिकल में पास कराने का दावा करते हुए मोटी रकम की मांग कर रहे थे।

दोस्त को सौंप दी अभ्यर्थियों की गोपनीय जानकारी

मामले की तह तक पहुंचने के लिए अधिकारियों ने मोबाइल नंबर की जांच सर्विलांस सेल को दी। जांच में नंबर मसूरी थाना क्षेत्र के समयपुर गांव निवासी चेतन का निकला। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि पीएसी में तैनात आरक्षी रहीश खान उसका पुराना दोस्त है।

आरोप है कि रहीश ने ही उसे मेडिकल परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की गोपनीय सूची, बुलावा पत्र और दूसरे जरूरी दस्तावेजों से जुड़ा डेटा दिया था। इस जानकारी के जरिए चेतन अभ्यर्थियों तक पहुंच रहा था और मेडिकल में पास कराने के नाम पर पैसे मांग रहा था।

प्रधान लिपिक पर भी मिलीभगत का आरोप

पूछताछ में 47वीं वाहिनी पीएसी के प्रधान लिपिक सुंदर सिंह का नाम भी सामने आया। आरोप है कि वह भी इस कथित वसूली के खेल में शामिल था। इस तरह मामले में पीएसी के दो कर्मचारियों और एक बाहरी व्यक्ति की भूमिका सामने आई है।

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के अनुसार, वाहिनी के शिविरपाल सुरेंद्र कुमार की शिकायत पर कविनगर थाने में आरक्षी रहीश खान, प्रधान लिपिक सुंदर सिंह और चेतन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

14 से 21 नवंबर तक चल रही थी मेडिकल प्रक्रिया

दरअसल, गोविंदपुरम स्थित 47वीं वाहिनी पीएसी में 14 नवंबर से 21 नवंबर तक आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 के अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण और चरित्र सत्यापन कराया जा रहा था। इसी प्रक्रिया के दौरान वसूली की शिकायत सामने आई।

अब पुलिस मामले में यह पता लगाने में जुटी है कि कितने अभ्यर्थियों को फोन किया गया था और उनसे कितनी रकम मांगी गई। साथ ही गोपनीय अभ्यर्थी डेटा बाहरी व्यक्ति तक कैसे पहुंचा, इसकी भी जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *