मुजफ्फरनगर। ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में यूपी पुलिस के होनहार दारोगा अरुण चाहर की मौत हो गई। वह मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाने की स्टेडियम चौकी के प्रभारी थे।
ये है मामला
घटना शुक्रवार देर रात जानसठ थाना क्षेत्र में हुई। पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर उनकी स्विफ्ट कार को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें जानसठ सीएचसी ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अरुण चाहर आगरा की तहसील किरावली के गांव बसेरी चाहर के रहने वाले थे। 2023 बैच के दरोगा अरुण चार भाई-बहनों में सबसे छोटे और अविवाहित थे। उनके बड़े भाई अजीत चाहर भी यूपी पुलिस में सिपाही हैं और बुलंदशहर में तैनात हैं। पिता नेमी सिंह खेती करते हैं। बेटे की मौत की खबर से गांव में मातम छा गया।
शुरू हुई जांच
हादसे के बाद मुजफ्फरनगर पुलिस ने एसआईटी गठित कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार को पुलिस लाइन में एसएसपी सूरज कुमार राय सहित सभी अफसरों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए। गार्ड ऑफ ऑनर देकर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। इसके बाद शव को पैतृक गांव के लिए रवाना किया गया।
पुलिस विभाग ने कहा है कि शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है और नियमानुसार मिलने वाले सभी लाभ दिलाए जाएंगे।