पुलिस स्मृति दिवस: CM योगी आज शाम लखनऊ पुलिस लाइन में देंगे शहीदों को श्रद्धांजलि

Share This

 

लखनऊ पुलिस लाइन में आज पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इस बार परेड सुबह की जगह शाम को रखी गई है। इसकी वजह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम है। सीएम का काफिला आज शाम लगभग 3:45 बजे पुलिस लाइन पहुंचेगा। इसी को देखते हुए पुलिस महकमे ने पूरे शेड्यूल में बदलाव किया है।

सोमवार को हुई थी मीटिंग

कार्यक्रम को लेकर DGP राजीव कृष्ण ने सोमवार को ही अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने परेड ग्राउंड, शहीद स्मारक, मंच व्यवस्था, सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं।

आज के कार्यक्रम से दो बड़ी घोषणाओं की उम्मीद जताई जा रही है। पहली घोषणा पीएसी की नई वर्दी को लेकर हो सकती है। सरकार लंबे समय से पीएसी की पहचान सिविल पुलिस से अलग करने पर विचार कर रही है। इसके लिए सेना और अर्धसैनिक बलों की यूनिफॉर्म पर स्टडी की गई है। बताया जा रहा है कि नई वर्दी का डिजाइन फाइनल हो चुका है और सीएम आज इसका औपचारिक ऐलान कर सकते हैं।

दूसरी नजर बदायूं महिला पीएसी बटालियन पर है। जून महीने में सीएम ने पीएसी के आधुनिकीकरण की बैठक में लखनऊ, गोरखपुर और बदायूं में बन रही महिला बटालियनों को जल्द पूरा करने को कहा था। साथ ही बदायूं में वीरांगना अवंतीबाई लोधी की घुड़सवारी वाली मूर्ति लगाने का भी प्रस्ताव दिया था। आज इन प्रोजेक्ट्स पर भी अपडेट मिल सकता है।

कार्यक्रम में शहीद पुलिसकर्मियों को याद किया जाएगा। ड्यूटी के दौरान जान देने वाले जवानों के परिवारों को सम्मानित किया जाएगा।

 इसलिए मनाया जाता है ये दिन

गौरतलब है कि 1959 में आज ही के दिन लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी हमले में CRPF के 10 जवान शहीद हुए थे, तभी से 21 अक्टूबर को देशभर में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *