कानपुर में बस से उतरते समय बिगड़ा संतुलन, सड़क पर सिर के बल गिरे पुलिसकर्मी की मौत

Share This

कानपुर। सरकारी काम से रावतपुर जा रहे गोविंद नगर थाने के एक पुलिसकर्मी के लिए गुरुवार की दोपहर आखिरी सफर साबित हुई। रावतपुर सब्जी मंडी के पास बस से उतरने के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से 52 वर्षीय अशोक कुमार यादव सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट आने के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन जान नहीं बच सकी।

ऐसे हुए घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस से नीचे उतरते समय अशोक कुमार अचानक लड़खड़ाकर गिर गए। उनका सिर सीधे सड़क से टकराया, जिससे गंभीर चोट लगी। हादसे के बाद वह मौके पर ही अचेत हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही स्वरूप नगर थाने की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने घायल अशोक कुमार को तत्काल हैलट अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनका परीक्षण किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अशोक कुमार यादव की तैनाती गोविंद नगर थाने में थी। वह विभागीय काम से रावतपुर की ओर निकले थे। करीब तीन महीने पहले उनका तबादला स्वरूप नगर थाने से गोविंद नगर किया गया था।

इटावा के थे निवासी

अशोक कुमार मूल रूप से इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के निवासी थे। वर्तमान में वह कानपुर के कल्याणपुर स्थित खुर्द इलाके में किराये के मकान में परिवार के साथ रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी मंजेश कुमारी और दो बेटियां प्रिया व अंजलि हैं।

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में भी मातम छा गया। स्वरूप नगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *