उत्तर प्रदेश पुलिस में 32,679 सिपाही नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने परीक्षा के लिए संशोधित प्रवेश पत्र अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। जिन अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा अब 8 अक्तूबर से प्रस्तावित है, वे बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपना संशोधित प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
15 केंद्रो पर होगी परीक्षा
दरअसल, प्रदेश में शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन कुल 15 केंद्रों पर किया जाना है। इनमें से नौ परीक्षा केंद्रों पर बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए परीक्षा की तारीख में बदलाव किया गया है। पहले इन केंद्रों पर परीक्षा 1 अक्तूबर से प्रस्तावित थी, लेकिन अब यहां परीक्षा 8 अक्तूबर से आयोजित की जाएगी।
इन जगहों पर हुआ बदलाव
बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक के मुताबिक, पीएसी की 12वीं वाहिनी फतेहपुर, 8वीं वाहिनी बरेली, 9वीं वाहिनी मुरादाबाद, 26वीं वाहिनी गोरखपुर, 37वीं वाहिनी कानपुर, 6वीं वाहिनी मेरठ, 47वीं वाहिनी गाजियाबाद, 20वीं वाहिनी आजमगढ़ और 39वीं वाहिनी मिर्जापुर में होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा की तारीख बदली गई है। इन केंद्रों पर अभ्यर्थियों को अब 8 अक्तूबर को परीक्षा में शामिल होना होगा।
वहीं, प्रदेश के अन्य छह परीक्षा केंद्रों पर शारीरिक दक्षता परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 अक्तूबर को ही आयोजित की जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए जरूरी है कि वे अपने परीक्षा केंद्र और तारीख की जानकारी संशोधित प्रवेश पत्र में जरूर जांच लें।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि परीक्षा में शामिल होने से पहले संशोधित प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसमें दिए गए सभी दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें। परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचना और प्रवेश पत्र के साथ जरूरी दस्तावेज ले जाना भी आवश्यक होगा।