सुल्तानपुर। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने रविवार देर रात जिला कारागार परिसर का औचक निरीक्षण किया। करीब रात 8 बजे के बाद अचानक जेल पहुंचे एसपी ने यहां ठहरे पीएसी जवानों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जवानों के रहने के लिए आवंटित कमरों, वॉशरूम और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जवानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
एसपी को देखकर मची हलचल
एसपी के अचानक जेल पहुंचने से जेल प्रशासन में हलचल मच गई। परिसर में पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले पीएसी जवानों के ठहरने के लिए निर्धारित कमरों का निरीक्षण किया। कमरों की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के बाद उन्होंने वॉशरूम का भी जायजा लिया। एसपी ने संबंधित अधिकारियों से जवानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
इसके बाद एसपी विनीत जायसवाल मेस पहुंचे, जहां उन्होंने जवानों के लिए तैयार किए गए भोजन की गुणवत्ता को परखा। भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था को खुद जांचने के लिए एसपी ने जवानों के साथ बैठकर भोजन भी किया। उन्होंने जवानों से भोजन की गुणवत्ता के साथ-साथ मेस की अन्य व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली।
कई अफसर रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान कारागार अधीक्षक और सीओ सिटी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने अधिकारियों को जिला कारागार परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही पीएसी जवानों के ठहरने, भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के साथ ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और जवानों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में किसी तरह की लापरवाही न बरतने और आवश्यक सुधार समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।