जौनपुर। मडियाहूं तहसील के सुरेरी थाने में रविवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब थाने के बैरक में एक सिपाही का शव मिला। मृतक 2025 बैच का सिपाही अभिषेक सिंह था, जो मूल रूप से गोरखपुर का रहने वाला था।
पांच महीने पहले मिली थी तैनाती
बताया जा रहा है कि अभिषेक की तैनाती करीब पांच महीने पहले ही सुरेरी थाने में हुई थी। वह थाना परिसर स्थित पुलिस बैरक में ही रहता था। रविवार शाम 5 बजे तक उसे थाना परिसर में साथी पुलिसकर्मियों ने सामान्य रूप से घूमते देखा था।
करीब एक घंटे बाद जब एक अन्य सिपाही किसी काम से उसके कमरे पर पहुंचा तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई। शक होने पर जब कमरे के अंदर देखा गया तो अभिषेक का शव मिला। आनन-फानन में इसकी सूचना थाने के अन्य पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को दी गई।
जानकारी मिलते ही सीओ और थानाध्यक्ष समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को तत्काल सीएचसी रामपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर कमरे की जांच कराई।
दी गयी सूचना
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। अभिषेक के परिवार में इस खबर से कोहराम मचा हुआ है। परिजन गोरखपुर से जौनपुर के लिए निकल गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से बातचीत के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।