आगरा से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। शाहगंज में तैनात एक सिपाही पर ब्याज वसूली के नाम पर एक परिवार को धमकाने का आरोप लगा है। इलाके में लोग उसे ब्याज वाला सिपाही कहने लगे हैं। परेशान परिवार ने अब पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के दरवाजे पर दस्तक दी है।
ये है मामला
सैलून के लिए लिया था ब्याज पर पैसाशाहगंज निवासी शोएब अली सैलून चलाता है। दुकान के काम के लिए उसने एक पुलिसकर्मी से 3.5 लाख रुपये लिए थे। सौदा 10 प्रतिशत ब्याज पर तय हुआ था। शुरुआत में शोएब ने हर महीने ब्याज चुकाया भी।
परिवार की मानें तो बीच में काम ठप हो गया। ऊपर से पिता बीमार पड़ गए। दो महीने से ब्याज का पैसा अटक गया। बस इसी के बाद से सिपाही का दूसरा रूप सामने आ गया।घर पहुंचकर दी नाबालिग को उठाने की धमकीपीड़ितों का आरोप है कि पुलिसकर्मी साथियों को लेकर घर में घुस आया। गाली-गलौज की और जेल भेजने की धमकी देने लगा। हद तो तब हो गई जब उसने शोएब की छोटी नाबालिग बहन को उठा ले जाने की बात कह दी।
परिवार का कहना है कि वे ब्याज के तौर पर मूल रकम से भी ज्यादा लौटा चुके हैं। अब केवल बाकी का मूलधन देना बाकी है, जिसके लिए वे तैयार भी हैं।
रिश्तेदारों पर भी बना रहा दबाव
शिकायत में बताया गया है कि आरोपी सिपाही घर के अलावा उनके रिश्तेदारों के यहां भी पहुंच रहा है। उन पर दबाव डलवा रहा है ताकि पैसा जल्दी वसूल हो सके। इससे पूरा परिवार डरा-सहमा है। चर्चा है कि आरोपी किसी बड़े अधिकारी के साथ अटैच है, इसलिए उसकी इलाके में धौंस है।
पुलिस कमिश्नर ने मामले को गंभीरता से लिया है और जांच के निर्देश दिए हैं। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है, तथ्य सामने आने पर सख्त एक्शन लिया जाएगा।