लखनऊ में डायल-112 में तैनात एक सिपाही पर महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि फेसबुक के जरिए दोनों की पहचान हुई और बातचीत के बाद रिश्ता बढ़ा। आरोप है कि सिपाही ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। बाद में महिला के गर्भवती होने पर उसने शादी से इनकार कर दिया और गर्भपात कराने का दबाव बनाने लगा।
2025 में हुई थी मुलाकात
महिला के मुताबिक, दोनों की बातचीत जून 2025 में शुरू हुई थी। करीब एक महीने बाद सिपाही ने उसे मुरादाबाद बुलाया। वहां एक होटल में मुलाकात के दौरान दोनों के बीच संबंध बने। इसके बाद सिपाही उसे लखनऊ ले आया। महिला का दावा है कि दोनों बीकेटी इलाके में किराए के कमरे में साथ रहने लगे।
इसी दौरान महिला ने सिपाही पर 15 लाख रुपये लेने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि मकान दिलाने के नाम पर उससे रकम ली गई थी। गर्भ ठहरने के बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। महिला का आरोप है कि सिपाही ने शादी से साफ इनकार कर दिया और गर्भपात के लिए दबाव बनाया।
महिला ने पुलिस से शिकायत की तो कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए। उसका दावा है कि एक सितंबर को बीकेटी थाने पहुंचने पर उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। इसके बाद 11 सितंबर को उसने महिला थाने में शिकायत दी। महिला का आरोप है कि वहां भी मामले को समझौते से खत्म करने का दबाव बनाया गया।
अफसरों से की शिकायत
मंगलवार को महिला फिर महिला थाने पहुंची। उसने अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। महिला ने पुलिसकर्मियों पर सिपाही की तरफ से रकम लेकर समझौता कराने की कोशिश का भी आरोप लगाया है।
बीकेटी इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर ली जा रही है और मामले की जांच की जा रही है। इस मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। महिला और सिपाही की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है।