बदायूं में SSP का बड़ा फैसला, जांच रिपोर्ट के बाद दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

Share This

बदायूं। जरीफनगर थाना क्षेत्र की बस्तोई सीकरी चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है। एनडीपीएस एक्ट के आरोपी की तलाश में उसके घर पहुंची पुलिस टीम पर परिजनों से मारपीट और अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगे थे। शिकायत के बाद कराई गई जांच में पुलिसकर्मियों की भूमिका सामने आने पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

ये है मामला

मामला बस्तोई सीकरी चौकी क्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाला उदयप्रकाश एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में आरोपी बताया जा रहा है। करीब छह महीने पहले उसे बुलंदशहर में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल से बाहर आने के बाद वह वापस गांव में रहने लगा था। पुलिस को उसके गांव में मौजूद होने की जानकारी मिली थी।

इसी सूचना के आधार पर चौकी के उपनिरीक्षक मनीष भारद्वाज पुलिसकर्मियों हरीश, सुरजीत, संदीप भाटी और लोकेश के साथ उदयप्रकाश के घर दबिश देने पहुंचे। हालांकि, पुलिस टीम के पहुंचने के समय आरोपी घर पर नहीं मिला। इसके बाद परिवार के लोगों से उसके बारे में पूछताछ की गई।

परिजनों ने आरोप लगाया कि उदयप्रकाश के घर पर नहीं मिलने से पुलिसकर्मी नाराज हो गए। उन्होंने परिवार के सदस्यों पर आरोपी को छिपाने का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट की और अभद्र व्यवहार किया। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कराई गई। जांच की जिम्मेदारी सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह को दी गई। जांच के दौरान पुलिस टीम पर लगाए गए आरोप सही पाए गए। रिपोर्ट में पुलिसकर्मियों द्वारा परिजनों के साथ अभद्रता और मारपीट किए जाने की पुष्टि हुई।

एसएसपी ने की कार्रवाई

जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसएसपी अंकिता शर्मा ने उपनिरीक्षक मनीष भारद्वाज समेत चार सिपाहियों हरीश, सुरजीत, संदीप भाटी और लोकेश को निलंबित कर दिया। एसएसपी की कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप मचा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पुलिसकर्मियों द्वारा अनुशासनहीनता या आम लोगों के साथ गलत व्यवहार किए जाने की शिकायत मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *