अलीगढ़ में एसएसपी का औचक निरीक्षण, रात्रि गश्त से गायब मिले पुलिसकर्मी; थाना प्रभारी निलंबित

Share This

 

अलीगढ़ में पुलिस व्यवस्था में लापरवाही सामने आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नीरज जादौन ने सख्त कार्रवाई की है। मंगलवार रात एसएसपी ने चण्डौस और गभाना समेत कई थानों का औचक निरीक्षण किया। चण्डौस थाना क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान रात्रि गश्त के लिए तैनात पुलिसकर्मी निर्धारित स्थान पर मौजूद नहीं मिले।

अचानक पहुंचे एसएसपी

एसएसपी ने पुलिसकर्मियों की ड्यूटी और गश्त व्यवस्था की मौके पर जांच की। इस दौरान चण्डौस थाने के परिसर में कुछ व्यक्ति भी अनाधिकृत रूप से बैठे मिले। उनके थाने में आने और मौजूद रहने के संबंध में रोजनामचा आम में कोई आवश्यक प्रविष्टि दर्ज नहीं थी।

पुलिस थाने में आने-जाने वाले लोगों का रिकॉर्ड रोजनामचा आम में दर्ज करना जरूरी माना जाता है। रात्रि गश्त में पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति और थाने में अनाधिकृत लोगों के मौजूद मिलने को एसएसपी ने गंभीर लापरवाही माना।

प्रथमदृष्टया थाना प्रभारी की निगरानी और पर्यवेक्षण व्यवस्था में कमी पाए जाने पर एसएसपी नीरज जादौन ने चण्डौस थाना प्रभारी राजवीर सिंह परमार के खिलाफ कार्रवाई की। उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

मच गया हड़कंप

एसएसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान पूरी मुस्तैदी बरतने और थानों में आने वाले लोगों का उचित रिकॉर्ड दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *