कुशीनगर में सड़क हादसे में दारोगा की मौत, कंटेनर चालक फरार

Share This

 

 

कुशीनगर। पडरौना के डोल मेले में ड्यूटी पूरी करने के बाद सेवरही थाने लौट रहे दारोगा भवानी प्रसाद पांडेय की सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में जान चली गई। रवींद्रनगर धूस क्षेत्र में सरस्वती चौक के पास उनकी बाइक सड़क पर बिखरी गिट्टी के चलते असंतुलित होकर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आया कंटेनर उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया।

ये है मामला 

बताया गया कि भवानी प्रसाद पांडेय रविवार रात डोल मेले में सुरक्षा व्यवस्था की ड्यूटी के लिए पडरौना पहुंचे थे। सोमवार दोपहर करीब दो बजे वह बाइक से सेवरही थाने के लिए रवाना हुए। सरस्वती चौक के पास बाइपास पर पहुंचते ही बाइक गिट्टी के कारण फिसल गई। वह सड़क पर जा गिरे।

हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने उन्हें उठाने की कोशिश की। इसी बीच तेज गति से आ रहा कंटेनर उनकी तरफ बढ़ा और उन्हें कुचल दिया। गंभीर चोटों के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। लोगों ने कंटेनर का पीछा भी किया, लेकिन चालक पकड़ में नहीं आ सका।

घटना की सूचना मिलने पर रवींद्रनगर धूस थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों को जानकारी देने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी केशव कुमार ने भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मामले की जानकारी ली।

पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि कंटेनर की पहचान कर उसके चालक तक पहुंचा जा सके।

जानें परिवार के बारे में

58 वर्षीय भवानी प्रसाद पांडेय मूल रूप से बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के नथवापुर गांव के रहने वाले थे। नौ फरवरी 2026 को उनकी तैनाती सेवरही थाने में हुई थी। इससे पहले वह कसया थाने में तैनात रहे। उनके परिवार में पत्नी कमलेश पांडेय और 28 वर्षीय पुत्र अभिषेक पांडेय हैं, जो पूर्वोत्तर रेलवे में स्टेशन मास्टर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *