मेरठ। यूपी-112 की चार पहिया पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) पर तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब इन कर्मियों से 12 घंटे की ड्यूटी लेने के बजाय आठ-आठ घंटे की तीन शिफ्ट में काम कराया जाएगा। इस संबंध में मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक कार्यालय की ओर से मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ के पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
पत्र में कहा गया ये
कार्यालय से जारी पत्र में पुलिस महानिदेशक, यूपी-112, उत्तर प्रदेश लखनऊ के 5 सितंबर 2026 के पत्र का हवाला देते हुए नई व्यवस्था लागू करने को कहा गया है। पत्र के मुताबिक वर्तमान पुलिस बल, परिचालन संबंधी जरूरत और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की कार्यक्षमता को ध्यान में रखते हुए चार पहिया पीआरवी कर्मियों की ड्यूटी को तीन शिफ्ट में संचालित किया जाना है।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने जिलों में उपलब्ध पुलिस बल और ऑपरेशनल जरूरत का आकलन करते हुए व्यवस्था लागू कराएं। इसके साथ ही कर्मचारियों के कल्याण को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई है। नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक शिफ्ट आठ घंटे की होगी, जिससे एक ही कर्मी पर लंबे समय तक लगातार ड्यूटी का दबाव कम होने की उम्मीद है।
दिए सख्त निर्देश
मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक ने निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित कराने को कहा है। माना जा रहा है कि शिफ्ट व्यवस्था में बदलाव से यूपी-112 की आपातकालीन सेवाओं की प्रतिक्रिया क्षमता प्रभावित हुए बिना पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य परिस्थितियां मिलेंगी।
नई ड्यूटी प्रणाली का उद्देश्य यूपी-112 की त्वरित प्रतिक्रिया और सेवा गुणवत्ता बनाए रखने के साथ पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता व मनोबल को बेहतर रखना बताया गया है। संबंधित जिलों के अधिकारियों को निर्देशों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।