महराजगंज में पुलिस चौकी के भीतर जन्मदिन मनाने का वीडियो सामने आने के बाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक व्यक्ति चौकी परिसर में केक काटता नजर आ रहा है। उसके आसपास कई पुलिसकर्मी भी मौजूद हैं। वीडियो सामने आने के बाद अधिकारियों ने मामले को अनुशासन से जुड़ा गंभीर विषय मानते हुए जांच कराई, जिसके बाद चौकी प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
ये है मामला
मामला अड्डा बाजार पुलिस चौकी का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति पुलिस चौकी के परिसर में जन्मदिन का केक काट रहा है। इस दौरान चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर अखिलेश यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी उसके आसपास खड़े दिखाई दे रहे हैं। बताया गया कि जन्मदिन मनाने वाला व्यक्ति पुलिस विभाग से जुड़ा नहीं था।
वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। जांच की जिम्मेदारी निचलौल सर्किल ऑफिसर को सौंपी गई। जांच के दौरान चौकी परिसर में इस तरह का आयोजन होने और उसमें पुलिसकर्मियों की मौजूदगी को लेकर प्रथम दृष्टया अनुशासनहीनता तथा ड्यूटी के प्रति लापरवाही सामने आई।
इसके बाद चौकी प्रभारी अखिलेश यादव सहित छह पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई। कार्रवाई की जद में हेड कांस्टेबल विकास कुमार गौर और कांस्टेबल प्रभव गौर, अभिमन्यु खरवार, रामकृत यादव तथा प्रशांत कुमार भी आए हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, चौकी जैसे सरकारी परिसर में बाहरी व्यक्ति के जन्मदिन कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों की भूमिका को लेकर सवाल उठे थे। इसी आधार पर प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर निलंबन किया गया है।
एसपी ने कह ये
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि केक काटने वाले व्यक्ति का राजनीतिक जुड़ाव होने की जानकारी भी सामने आई है। इसी वजह से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार, प्रकरण में आगे की कार्रवाई जांच के अंतिम निष्कर्ष के आधार पर तय की जाएगी।