कुशीनगर में पुलिस से बचकर भागा इनामी आरोपी, मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

Share This

 

कुशीनगर में पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को कुछ ही देर बाद पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ लिया। झड़वा रेलवे अंडरपास के पास हुई कार्रवाई में आरोपी आंशू कुमार यादव के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ये है मामला 

बताया जा रहा है कि आंशू यादव पर बहादुरपुर चौकी के सिपाही बृजेन्द्र मणि त्रिपाठी को ट्रक से कुचलने का आरोप है। 20 अगस्त की रात हुई इस घटना के बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि आंशू लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कप्तान की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को तिनफेड़िया चौकी की टीम ने आंशू को गिरफ्तार किया था। बाद में उसने पेट में दर्द की शिकायत की। पुलिसकर्मी उसे इलाज के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उसने लघुशंका जाने की बात कही। मौका मिलते ही उसने पुलिस टीम को चकमा दिया और एसआई रविकांत सिंह की सरकारी पिस्टल लेकर भाग गया।

आरोपी के फरार होने की जानकारी मिलते ही कई पुलिस टीमें उसकी तलाश में जुट गईं। स्वाट टीम के साथ स्थानीय पुलिस ने संभावित रास्तों पर घेराबंदी शुरू की। इसी दौरान झड़वा रेलवे अंडरपास के पास आरोपी नजर आया। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो पुलिस के मुताबिक उसने गोली चला दी।

पैर में लगी गोली

जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी और वह मौके पर गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया। घटनास्थल से सरकारी पिस्टल के अलावा आठ जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *