नोएडा में पुलिस का बड़ा एक्शन, मासूम बच्ची से दरिंदगी-हत्या का आरोपी एनकाउंटर में ढेर

Share This

नोएडा। इकोटेक-3 थाना क्षेत्र में छह वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी बलराज की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी को वारदात में इस्तेमाल हथियार की तलाश के लिए पुलिस टीम अपने साथ लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर छिपाकर रखी पिस्टल से पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। इस घटना में एक हेड कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हुए हैं।

ऐसे चलाई गोली

पुलिस के मुताबिक, बच्ची की हत्या के बाद जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस से बलराज की पहचान हुई थी। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में उसने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि हत्या में इस्तेमाल चाकू डी पार्क चौकी के पास ग्रीन बेल्ट में छिपाया गया है।

इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को लेकर वहां पहुंची। चाकू की बरामदगी के बाद अचानक बलराज ने कथित तौर पर एक .32 बोर की पिस्टल निकाली और पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। गोलीबारी में हेड कांस्टेबल रवि कुमार घायल हो गए। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बलराज को गोली लगी।

घायल पुलिसकर्मी और आरोपी दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बलराज को मृत घोषित कर दिया। वहीं रवि कुमार का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

हो रही जांच

पुलिस ने घटनास्थल से .32 बोर की पिस्टल के अलावा तीन खोखे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। छह वर्षीय बच्ची की हत्या की घटना के बाद इलाके में गुस्सा था। अब पुलिस आरोपी से जुड़े अन्य पहलुओं और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *