मोदीनगर (गाजियाबाद)। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गुरुवार देर रात उस समय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जब पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति नशे की हालत में सड़क पर हंगामा करने लगा। हरमुखपुरी कॉलोनी के पास हुए इस घटनाक्रम के कई वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो रात करीब 12 बजे के हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वर्दी पहना व्यक्ति बाइक लेकर सड़क पर पहुंचा था। नशा अधिक होने के कारण वह ठीक से चल या खड़ा नहीं हो पा रहा था। कुछ देर बाद संतुलन बिगड़ने से वह बाइक सहित सड़क पर जा गिरा। इसके बाद भी वह वहां से उठकर जाने के बजाय सड़क पर ही इधर-उधर करता रहा।
लोगों ने समझाया, लेकिन नहीं माना
घटना को देखने के लिए आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। कुछ लोगों ने उसे संभालने और शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार अपनी हरकतें करता रहा। कभी सड़क पर लेट जाता तो कभी जमीन पर आगे बढ़ने की कोशिश करता दिखाई दिया। इस दौरान लोगों ने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिए।
मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची तो गोविंदपुरी चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वर्दीधारी व्यक्ति को समझाने के साथ उसे वहां से हटाने का प्रयास किया। काफी देर की कोशिश के बाद पुलिस उसे अपने साथ ले गई।
इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े करीब पांच अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। वीडियो में दिखाई दे रही पुलिसकर्मी की हालत को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने भी मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
एसपी ने दी जानकारी
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि वीडियो में दिखाई दे रहा पुलिसकर्मी किसी अन्य जनपद में तैनात बताया जा रहा है। उसकी पहचान और तैनाती की पुष्टि के लिए जानकारी जुटाई जा रही है। इसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।