यूपी पुलिस मुख्यालय में खास अंदाज में मना रक्षाबंधन, 20 बालिकाओं ने DGP राजीव कृष्ण समेत अधिकारियों को बांधी राखी

Share This

लखनऊ। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में गुरुवार को स्नेह, विश्वास और सुरक्षा का अनूठा संदेश देखने को मिला। जन भवन परिसर स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत 20 बालिकाएं पुलिस मुख्यालय पहुंचीं और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस मुख्यालय का माहौल भावनात्मक और उत्साहपूर्ण रहा। बालिकाओं ने अधिकारियों की कलाई पर राखी बांधी और भाई-बहन के इस पर्व के माध्यम से सुरक्षा और विश्वास का संदेश दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी बालिकाओं का उत्साह बढ़ाया तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं।

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने बालिकाओं को रक्षाबंधन की बधाई देते हुए कहा कि इस पावन अवसर पर उनका पुलिस मुख्यालय आना और उनसे राखी बंधवाना उनके लिए बेहद सुखद, विशेष और भावनात्मक अनुभव रहा। उन्होंने बालिकाओं को पुलिस मुख्यालय भेजने के लिए राज्यपाल के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

सपनों को पूरा करने के लिए किया प्रेरित

राजीव कृष्ण ने बालिकाओं से कहा कि वे अपने जीवन के सपनों और लक्ष्यों को लेकर आत्मविश्वास बनाए रखें। उन्होंने लगन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने भी बालिकाओं से संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश

रक्षाबंधन कार्यक्रम के जरिए उत्तर प्रदेश पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में राखी बांधने पहुंचीं बालिकाओं के लिए यह अवसर खास रहा। पुलिस मुख्यालय में अधिकारियों के साथ रक्षाबंधन मनाने से उनके बीच भी उत्साह नजर आया। पूरे कार्यक्रम में भाई-बहन के रिश्ते के साथ सुरक्षा, विश्वास और सम्मान का संदेश प्रमुखता से सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *