दो बाइक, चार हमलावर और 18 राउंड फायरिंग… अंकित बालियान हत्याकांड में STF ने तेज की जांच

Share This

 

शामली। हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या की गुत्थी सुलझाने में अब उत्तर प्रदेश एसटीएफ भी जुट गई है। शामली में हुई सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। घटनास्थल और आसपास लगे 9 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जानकारी में दो बाइकों पर चार संदिग्ध हमलावरों के नजर आने की बात सामने आई है। वारदात के दौरान करीब 18 राउंड फायरिंग किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

हर मामले में होगी जांच

इधर, इंटरनेट मीडिया पर गोगी गैंग की ओर से हत्या की जिम्मेदारी लेने संबंधी दावा सामने आने के बाद जांच और महत्वपूर्ण हो गई है। एसटीएफ और पुलिस इस दावे की भी सत्यता जांच रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर सामने आए किसी भी संदेश को जांच पूरी होने से पहले अंतिम तथ्य नहीं माना जा सकता।

एडीजी ने कहा ये

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर एवं एसटीएफ चीफ अमिताभ यश ने कहा कि अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के संबंध में सामने आए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर गोगी गैंग की ओर से जिम्मेदारी लेने संबंधी जो दावा सामने आया है, उसकी भी जांच की जाएगी। पुलिस सभी संभावित एंगल पर काम कर रही है और जल्द ही वारदात का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

एसटीएफ सूत्रों के अनुसार, पुलिस हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय आपराधिक गिरोहों से जुड़े शूटरों के नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है। संदिग्धों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, आपसी संपर्क और घटना से पहले तथा बाद की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस का फोकस अब यह पता लगाने पर है कि वारदात को अंजाम देने वाले हमलावर कौन थे, उन्हें किसने भेजा और हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *