उत्तर प्रदेश पुलिस को कानून-व्यवस्था से जुड़े संसाधनों के मामले में जल्द बड़ी मजबूती मिलने जा रही है। शासन ने पुलिस के लिए करीब 29.47 करोड़ रुपये के विभिन्न उपकरणों की खरीद के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। गृह (पुलिस) अनुभाग-7 की ओर से 18 अगस्त 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।
आ गया आदेश
शासनादेश के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत और प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस के लिए लाउड हेलर, पीवीसी लाठी, हेलमेट, पीवीसी शील्ड और बैलिस्टिक शील्ड खरीदी जाएंगी। इन उपकरणों की खरीद के लिए कुल 29 करोड़ 47 लाख 50 हजार रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
जारी विवरण के अनुसार पुलिस के लिए 1,500 लाउड हेलर खरीदे जाएंगे। इनकी अनुमानित कीमत 5,000 रुपये प्रति यूनिट रखी गई है और इन पर कुल 75 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके अलावा 30,000 पीवीसी लाठियां खरीदी जाएंगी, जिनकी अनुमानित दर 500 रुपये प्रति लाठी है। इनकी खरीद पर करीब 1.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 30,000 हेलमेट भी खरीदे जाएंगे। एक हेलमेट की अनुमानित कीमत 2,600 रुपये है और इस मद में कुल 7.80 करोड़ रुपये का खर्च प्रस्तावित है। वहीं, 30,000 पीवीसी शील्ड के लिए 12 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट रखा गया है। एक शील्ड की कीमत करीब 4,000 रुपये बताई गई है।
इसके साथ ही 1,500 बैलिस्टिक शील्ड की खरीद भी की जाएगी। इनकी अनुमानित दर 49,500 रुपये प्रति यूनिट है और कुल खर्च 7 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपये आएगा।
जल्द शुरू होगी प्रक्रिया
शासनादेश में कहा गया है कि उपकरणों की खरीद उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय/लॉजिस्टिक्स, लखनऊ द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जाएगी। आदेश के अनुसार खरीद से संबंधित औपचारिकताओं को निर्धारित नियमों के तहत पूरा किया जाएगा।