सुल्तानपुर में पुलिस की कमान संभालते ही एक्शन मोड में आए विनीत जायसवाल, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

Share This

सुल्तानपुर में जिले की पुलिस व्यवस्था की नई जिम्मेदारी संभालने के साथ ही आईपीएस विनीत जायसवाल ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दीं। शनिवार देर रात पदभार ग्रहण करने के बाद हुई बैठक में उन्होंने अपराध नियंत्रण से लेकर आम लोगों की शिकायतों के निस्तारण तक कई अहम बिंदुओं पर अधिकारियों से जानकारी ली।

एसपी ने कहा ये

एसपी ने अधिकारियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध की स्थिति पर लगातार नजर रखें और संवेदनशील स्थानों को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की प्रतिक्रिया तेज और प्रभावी होनी चाहिए। उन्होंने पुलिसिंग को केवल अपराध होने के बाद की कार्रवाई तक सीमित न रखते हुए उसकी रोकथाम पर भी जोर दिया।

बैठक में जनसुनवाई को लेकर भी एसपी ने स्पष्ट रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनके समाधान में अनावश्यक देरी न करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस और जनता के बीच भरोसा मजबूत करने के लिए बेहतर संवाद कायम करने पर जोर दिया।

कौन हैं ये आईपीएस

विनीत जायसवाल 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। गोरखपुर निवासी विनीत ने कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया है और पुलिस सेवा में आने से पहले इंफोसिस में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम कर चुके हैं। वह शामली के पहले एसपी रह चुके हैं। इसके अलावा हाथरस, नोएडा और गोंडा में भी पुलिस की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उनके सामने अब सुल्तानपुर में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की चुनौती होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *