उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग के बड़े फेरबदल के बाद संभल की कमान अब विकास चंद्र त्रिपाठी के हाथों में होगी। सरकार ने गुरुवार देर रात नौ आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए। इसी सूची में संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई का नाम भी शामिल है। उन्हें अब बिजनौर का एसपी बनाया गया है। वहीं, बाराबंकी में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात विकास चंद्र त्रिपाठी को संभल का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
बाराबंकी में थे तैनात
विकास चंद्र त्रिपाठी का पुलिस सेवा में लंबा अनुभव रहा है। वह मूल रूप से गोरखपुर के रहने वाले हैं। उनका जन्म 4 नवंबर 1975 को हुआ था और उन्होंने एमए तक पढ़ाई की है। उनके पिता का नाम चंद्र प्रकाश त्रिपाठी है। संभल की जिम्मेदारी मिलने से पहले विकास त्रिपाठी बाराबंकी में अपर पुलिस अधीक्षक के तौर पर काम कर रहे थे। इससे पहले वह लखनऊ में भी कई अहम पदों पर तैनात रह चुके हैं। पुलिस सेवा के दौरान उन्होंने स्पेशल टास्क फोर्स यानी एसटीएफ में भी लंबे समय तक जिम्मेदारी संभाली है।
उनके करियर में प्रयागराज महाकुंभ की तैनाती को भी महत्वपूर्ण माना जाता है। महाकुंभ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति तैयार की गई थी। इसी व्यवस्था में विकास चंद्र त्रिपाठी को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई थी। महाकुंभ के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई।
मिली है बड़ी जिम्मेदारी
इसके बाद उन्हें बाराबंकी में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी की जिम्मेदारी मिली। अब सरकार ने उन्हें संभल जैसे संवेदनशील जिले की कमान सौंपी है। वहीं, कृष्ण कुमार बिश्नोई अब बिजनौर की पुलिस व्यवस्था संभालेंगे। संभल में उनके कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामले सामने आए थे। नई तैनाती के साथ अब दोनों अधिकारियों के सामने अपने-अपने जिलों में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को मजबूत रखने की चुनौती होगी।