मेरठ में 2023 बैच की महिला उपनिरीक्षक अनु को सोशल मीडिया से जुड़ी गतिविधियों के मामले में एसएसपी ने निलंबित कर दिया है। रविवार को उनके सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़ा एक आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने यह कार्रवाई की। मामले की विभागीय और साइबर जांच भी शुरू कर दी गई है।
प्रयागराज की निवासी हैं महिला दारोगा
अनु मूलरूप से प्रयागराज की रहने वाली हैं। मेरठ में उनकी पहली तैनाती रोहटा थाने में हुई थी। इसके बाद उन्होंने ब्रह्मपुरी थाने में काम किया। 2025 के चर्चित सौरभ हत्याकांड में आरोपी मुस्कान की गिरफ्तारी के दौरान भी अनु की भूमिका रही थी। उस समय वह ब्रह्मपुरी थाने में तैनात थीं। बाद में उन्हें एसएसपी कार्यालय भेज दिया गया था, जहां वह वर्तमान में ड्यूटी कर रही थीं।
मामला तब सामने आया जब एक यूट्यूबर ने अनु के सोशल मीडिया कंटेंट को लेकर पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। शिकायत के साथ उसने एक वीडियो भी सार्वजनिक किया। इसमें अनु के इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर पुलिस वर्दी में बनाए गए अलग-अलग वीडियो और अन्य सोशल मीडिया गतिविधियों पर सवाल उठाए गए।
इसलिए किया गया सस्पेंड
पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया महिला दरोगा का आचरण विभाग की सोशल मीडिया नीति के अनुरूप नहीं पाया गया। इसी आधार पर उन्हें निलंबित किया गया है। उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भी अब उपलब्ध नहीं है।
एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने बताया कि वीडियो की वास्तविकता, उसके स्रोत और उसमें किसी तरह की एडिटिंग या तकनीकी बदलाव की जांच साइबर टीम कर रही है। विभागीय जांच की जिम्मेदारी सीओ कार्यालय की अधिकारी सौम्या सिंह को दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय और वैधानिक कार्रवाई तय की जाएगी।