कानपुर में पुलिस एनकाउंटर, 25 हजार का इनामी बदमाश रानू गिरफ्तार; हत्या के बाद था फरार

Share This

कानपुर- देवसढ़ में हुई युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को आखिरकार पुलिस ने पकड़ लिया। साढ़ थाना क्षेत्र में कुंदौली मोड़ के पास रविवार तड़के पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल हालत में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपित रानू उर्फ सुहेल ही इस वारदात का मुख्य आरोपित है।

7 अगस्त को की थी हत्या

मामला सात अगस्त की रात का है। देवसढ़ गांव निवासी मुमताज के घर में घुसकर उसकी हत्या कर दी गई थी, जबकि उसकी पत्नी शाहजहां को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। वारदात के बाद से पुलिस मुख्य आरोपित रानू की तलाश में जुटी थी। जांच में सामने आया कि वह अपने साथी आशीष उर्फ काशी के साथ घर में दाखिल हुआ था।

पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने से पहले दोनों आरोपितों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का रुख बदल दिया था। इसके बाद डीवीआर, पायल, मंगलसूत्र और बाइक लेकर मौके से फरार हो गए थे। मामले में आशीष को पुलिस पहले ही मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर चुकी है।

रविवार सुबह हुई मुठभेड़

रविवार सुबह पुलिस को रानू के इलाके में मौजूद होने की सूचना मिली। कुंदौली मोड़ पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार रानू को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का दावा है कि उसने टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगा। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।

डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक, रानू पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मामले का राजफाश करने वाली पुलिस टीम को भी 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जा रहा है। पुलिस अब आरोपित से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *