तीसरी बार राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित हुए DIG अजय साहनी, चर्चित ऑपरेशन के लिए मिला सम्मान

Share This

उत्तर प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अजय कुमार साहनी के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उन्हें तीसरी बार राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किया गया। लखनऊ में आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण ने अजय साहनी को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। एक ही पुलिस अधिकारी को तीन बार यह वीरता सम्मान मिलना उनके लंबे और चुनौतीपूर्ण पुलिस करियर की खास उपलब्धियों में माना जा रहा है।

बरेली रेंज के हैं डीआईजी

फिलहाल अजय कुमार साहनी बरेली रेंज के डीआईजी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। 2009 बैच के IPS अधिकारी साहनी ने अपने करियर में उत्तर प्रदेश के कई संवेदनशील जिलों में पुलिस की कमान संभाली है। एसपी और एसएसपी के तौर पर मेरठ, आजमगढ़, सहारनपुर, बिजनौर, अलीगढ़, जौनपुर और बाराबंकी में उनकी तैनाती रही है।

तीसरे राष्ट्रपति वीरता पदक की वजह मेरठ में वर्ष 2020 के दौरान हुआ एक चर्चित पुलिस ऑपरेशन है। उस समय अजय साहनी मेरठ के एसएसपी थे। पुलिस के मुताबिक, जनवरी 2020 में कुख्यात अपराधी चांद उर्फ काले के खिलाफ अभियान चलाया गया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें चांद मारा गया। पुलिस ने मौके से हथियार और लूट से संबंधित सामान बरामद होने का भी दावा किया था।

चांद उर्फ काले पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए थे और वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में लूट समेत कई मामलों में वांछित था। इसी ऑपरेशन में साहनी के नेतृत्व और साहस को देखते हुए उन्हें राष्ट्रपति वीरता पदक के लिए चुना गया।

दो बार मिल चुका है पदक

इससे पहले भी अजय साहनी को दो बार राष्ट्रपति वीरता पदक मिल चुका है। आजमगढ़ में D-9 गैंग के खिलाफ अभियान और सिद्धार्थनगर में बावरिया गैंग के खिलाफ कार्रवाई उनके पहले के सम्मान से जुड़ी रही है। तीन बार राष्ट्रपति वीरता पदक हासिल करना उनके पुलिस करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *