लखनऊ। पुलिस विभाग ने अपने दिवंगत और दुर्घटना में दिव्यांग हुए कर्मियों के परिवारों की मदद के लिए बड़ा कदम उठाया है। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण ने बैंक ऑफ बड़ौदा के पुलिस सैलरी पैकेज (PSP) के तहत 38 लाभार्थियों को कुल 56 करोड़ 71 लाख 59 हजार 800 रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए।
31 पुलिस परिवारों को दी मदद
इसमें विभिन्न जनपदों में अलग-अलग तिथियों पर दिवंगत हुए 31 पुलिसकर्मियों के शोक-संतप्त आश्रित परिजन और दुर्घटना में दिव्यांग हुए सात पुलिसकर्मी शामिल हैं। आर्थिक सहायता का उद्देश्य कठिन समय में पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को विभागीय सहयोग उपलब्ध कराना है।
चेक वितरण के दौरान डीजीपी राजीव कृष्ण ने दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों से मुलाकात कर उनकी स्थिति जानी। उन्होंने परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि पुलिस विभाग उनके साथ खड़ा है। वहीं, दुर्घटनाओं में दिव्यांग हुए पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों से भी डीजीपी ने बातचीत की तथा उनके स्वास्थ्य और वर्तमान परिस्थितियों की जानकारी ली।
डीजीपी ने कहा कि पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए हर परिस्थिति में जनता की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। ऐसे में उनके परिवारों का कल्याण विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। उन्होंने जरूरत के समय हर संभव विभागीय सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
दिया ये संदेश
इस पहल के जरिए पुलिस विभाग ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि सेवा के दौरान किसी पुलिसकर्मी के साथ अनहोनी होने पर उसके परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। कल्याण को प्राथमिकता और दिवंगत कर्मियों की स्मृति को सम्मान देने की भावना के साथ सहायता राशि उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में पुलिस मुख्यालय के पुलिस उपमहानिरीक्षक समेत बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक, उप महाप्रबंधक और शाखा प्रबंधक मौजूद रहे।