लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के सात अधिकारियों और कर्मचारियों को भारत सरकार की ओर से वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा। इन पुलिसकर्मियों ने कुख्यात और इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियानों में अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय दिया था।
इन्हें मिलेगा सम्मान
वीरता पदक पाने वालों में अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी दीपक कुमार, मुख्य आरक्षी संजय सिंह, शहीद निरीक्षक सुनील कुमार, मुख्य आरक्षी दीपक, उपनिरीक्षक अक्षय परवीर कुमार त्यागी और मुख्य आरक्षी सुनील कुमार शामिल हैं।
इन मामलों में दिखाया था साहस
STF मेरठ यूनिट के जवानों ने कई अहम मुठभेड़ों में साहसिक भूमिका निभाई। 4 मई 2023 को मेरठ के जानी थाना क्षेत्र में कुख्यात गैंगस्टर अनिल नागर उर्फ अनिल दुजाना के साथ हुई मुठभेड़ में वह मारा गया था। दुजाना के खिलाफ हत्या, रंगदारी और लूट समेत 66 मुकदमे दर्ज थे। इस ऑपरेशन में योगदान के लिए शहीद निरीक्षक सुनील कुमार और हेड कांस्टेबल दीपक कुमार को Medal for Gallantry दिया जाएगा।
वहीं, 10 नवंबर 2025 को मुरादाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र में एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाले बदमाशों से STF की मुठभेड़ हुई थी। कार्रवाई में एक लाख रुपये के इनामी आरिफ उर्फ टिड्डा और 50 हजार रुपये के इनामी दीनू मारे गए थे। इस ऑपरेशन में भूमिका के लिए एएसपी बृजेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार और हेड कांस्टेबल संजय सिंह को वीरता पदक मिलेगा।
गौतमबुद्धनगर के बिसरख क्षेत्र में 1 जनवरी 2023 को हुई मुठभेड़ में 34 मुकदमों में वांछित अपराधी को ढेर करने वाली कार्रवाई के लिए उपनिरीक्षक अक्षय परवीर कुमार त्यागी और मुख्य आरक्षी सुनील कुमार को भी सम्मानित किया जाएगा।