प्रयागराज: महाकुंभ 2025 को सफल बनाने में ड्यूटी करने वाले उत्तर प्रदेश पुलिस के जवानों के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश सरकार ने महाकुंभ में तैनात पुलिसकर्मियों को 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में भुगतान के लिए आदेश जारी कर दिया गया है। सरकार का यह फैसला आयोजन के दौरान पुलिसकर्मियों की भूमिका और उनके योगदान को देखते हुए लिया गया है।
प्रयागराज में जनवरी और फरवरी 2025 के दौरान आयोजित महाकुंभ करीब 45 दिनों तक चला था। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगम पहुंचे। आयोजन के समापन के बाद तत्कालीन डीजीपी प्रशांत कुमार ने दावा किया था कि महाकुंभ के दौरान 65 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया।
भीड़ प्रबंधन से लेकर सुरक्षा तक बड़ी जिम्मेदारी
इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा निगरानी और श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने समेत कई स्तरों पर लगाई गई थी।
तत्कालीन डीजीपी ने महाकुंभ के दौरान पुलिस की व्यवस्था को लेकर कहा था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और तकनीक के इस्तेमाल के जरिए एक अलग मॉडल तैयार किया गया। निगरानी और भीड़ नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीक के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का भी इस्तेमाल किया गया।
महाकुंभ के दौरान प्रयागराज आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए पुलिस और रेलवे के बीच भी लगातार समन्वय रहा। डीजीपी के मुताबिक, प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान पांच लाख से ज्यादा लोगों ने रेल सेवाओं का इस्तेमाल किया, जबकि सामान्य दिनों में यह संख्या करीब तीन से चार लाख रही।
अब जारी हुआ भुगतान का आदेश
महाकुंभ में तैनात पुलिसकर्मियों को 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा पहले ही की गई थी। अब सरकार ने इसके भुगतान के लिए औपचारिक आदेश जारी कर दिया है। इससे आयोजन में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को जल्द प्रोत्साहन राशि मिलने का रास्ता साफ हो गया है।