बुलंदशहर में पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर, 12 साल की बच्ची की हत्या का था आरोपी

Share This

बुलंदशहर के गुलावठी क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश मारा गया। पुलिस के मुताबिक, मृतक बदमाश मोनू पर 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या करने का आरोप था। मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश में इलाके में कांबिंग की।

शनिवार रात को हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, गुलावठी थाना पुलिस और स्वाट टीम शनिवार रात बुलंदशहर-हापुड़ मार्ग पर छपरावत गांव के नजदीक चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन बाइक सवारों ने पुलिस पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।

फायरिंग के दौरान एक बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा, जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। घायल बदमाश और पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए गुलावठी सीएचसी पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए घायल बदमाश को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

कौन है बदमाश

मृतक की पहचान मोनू पुत्र राकेश निवासी फतेहपुर जादौन, थाना चोला, बुलंदशहर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, इसी महीने एक अगस्त को चोला रेलवे स्टेशन के पास 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की वारदात हुई थी। इस मामले में मोनू वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने 32 बोर की पिस्टल, दो मैगजीन, जिंदा और खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक मोनू के खिलाफ बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, जीआरपी बरेली और जीआरपी अलीगढ़ में कुल सात आपराधिक मामले दर्ज थे।

फरार बदमाश की तलाश के लिए पुलिस टीमों ने आसपास के इलाके में कांबिंग अभियान चलाया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *