NEET प्रदर्शन हिंसा: घायल पुलिसकर्मियों के परिवार बोले- ड्यूटी से लौटे तो खून से लथपथ थी वर्दी

Share This

दिल्ली में NEET पेपर लीक के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प का मामला अब घायल पुलिसकर्मियों के परिवारों तक पहुंच गया है। शुक्रवार को कुछ पुलिसकर्मियों के परिजन मीडिया के सामने आए और उन्होंने उस दिन की घटनाओं को याद करते हुए अपनी परेशानी साझा की। परिवारों का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान भीड़ के एक हिस्से ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया, जिसमें कई जवान घायल हुए।

सब-इंस्पेक्टर की बेटी ने कहा ये

एक घायल सब-इंस्पेक्टर की बेटी ने बताया कि उनके पिता लंबे समय से देश सेवा से जुड़े रहे हैं। भारतीय नौसेना में मरीन कमांडो के तौर पर 15 साल सेवा देने के बाद उन्होंने दिल्ली पुलिस जॉइन की। बेटी ने बताया कि घटना वाली रात जब उनके पिता घर पहुंचे तो उनकी हालत देखकर पूरा परिवार डर गया। सिर पर चोट के कारण उन्हें टांके लगे थे और उनकी पूरी वर्दी खून से भीग गई थी।

उन्होंने कहा कि उनके पिता जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे थे। शुरुआत में प्रदर्शन सामान्य था, लेकिन बाद में भीड़ में कुछ ऐसे लोग शामिल हो गए जिनके कारण स्थिति तनावपूर्ण हो गई। परिवार के मुताबिक, हमले के बाद घायल पुलिसकर्मी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।

पुलिसकर्मी की बेटी ने यह भी कहा कि घटना के बाद सोशल मीडिया पर उनके पिता के खिलाफ आरोप लगाए गए, जिससे परिवार को काफी दुख पहुंचा। उनका कहना था कि जिस तरह प्रदर्शनकारियों को अपनी बात रखने का अधिकार है, उसी तरह पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को भी न्याय की उम्मीद है।

एसीपी ने कहा ये

वहीं एक ACP की पत्नी ने भी उस समय को याद किया जब उनके पति घायल अवस्था में घर लौटे थे। उन्होंने कहा कि पति को चोटिल हालत में देखना परिवार के लिए बेहद भावुक और डरावना पल था। घायल पुलिसकर्मियों के परिवारों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और हिंसा में शामिल लोगों पर कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *