उन्नाव रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में रविवार को पुलिस परिवार के बच्चों को एक खास सौगात मिली। यहां नवनिर्मित चिल्ड्रेन पार्क का उद्घाटन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जय प्रकाश सिंह ने फीता काटकर किया। इस मौके पर पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
एसएसपी ने कहा ये
उद्घाटन के बाद एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मी चौबीसों घंटे कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। ऐसे में उनके परिवारों और खासकर बच्चों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भी विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेलकूद की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और इसी सोच के साथ इस चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण कराया गया है।
एसएसपी ने कहा कि पार्क बच्चों को सुरक्षित और सकारात्मक माहौल में खेलने का अवसर देगा। यहां खेलते हुए बच्चे न केवल शारीरिक रूप से सक्रिय रहेंगे, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और सामाजिक व्यवहार भी विकसित होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पार्क पुलिस परिवार के बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ सीखने और आपसी मेलजोल का भी बेहतर माध्यम बनेगा।
नवनिर्मित पार्क में बच्चों के लिए झूले, स्लाइड, सी-सॉ और अन्य कई खेल उपकरण लगाए गए हैं। उद्घाटन के बाद बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ इनका आनंद लिया। पार्क में बच्चों की खिलखिलाहट और उत्साह ने पूरे परिसर का माहौल खुशनुमा बना दिया। वहीं, पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे विभाग की सराहनीय पहल बताया।
ये अफसर रहे मौजूद
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह, क्षेत्राधिकारी हसनगंज तेज बहादुर सिंह, क्षेत्राधिकारी बीघापुर मधुपनाथ मिश्रा, क्षेत्राधिकारी नगर विनी सिंह, क्षेत्राधिकारी बांगरमऊ हर्ष मोदी, क्षेत्राधिकारी यातायात अजय कुमार सिंह सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने पार्क का निरीक्षण किया और बच्चों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की सराहना की।