‘पैसे देकर पोस्टिंग ली तो ईमानदारी की उम्मीद नहीं’, Delhi CP अनुराग कुमार का पुलिसकर्मियों को सख्त संदेश

Share This

दिल्ली पुलिस की कमान संभालने के बाद नए पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने अपने काम करने के तरीके को लेकर पहला बड़ा संदेश दे दिया है। पदभार ग्रहण करने के बाद हुई वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली, पुलिस की छवि और जनता के साथ संबंधों को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दीं।

पुलिस मुख्यालय में हुई इस बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान अनुराग कुमार ने अधिकारियों से कहा कि पुलिस विभाग में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को जगह नहीं दी जाएगी। उन्होंने तैनाती से लेकर कामकाज तक हर स्तर पर पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया और साफ किया कि गलत गतिविधियों में शामिल कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मामलों में उठाए जाएंगे सख्त कदम

कमिश्नर ने पुलिसकर्मियों के अपराध से जुड़े मामलों को भी गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि कानून लागू करने वाली एजेंसी का कोई भी सदस्य अगर आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो यह पूरी व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। अनुराग कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क जाम, अवैध अतिक्रमण और यातायात से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए जमीनी स्तर पर काम किया जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को परेशानी से बचाने के लिए ट्रैफिक प्रबंधन को और प्रभावी बनाना जरूरी है।

उन्होंने कम्युनिटी पुलिसिंग पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही। कमिश्नर ने अधिकारियों को जनता से लगातार संवाद बनाए रखने और शिकायतों का समय पर समाधान करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि पुलिस और आम जनता के बीच भरोसा मजबूत होना सबसे जरूरी है।

बैठक के बाद किया ये

बैठक के बाद अनुराग कुमार ने अचानक सिविल लाइंस थाने पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने वहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया और शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत की। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों से भी कामकाज को लेकर जानकारी ली।

पहली ही बैठक और औचक निरीक्षण के जरिए नए पुलिस कमिश्नर ने साफ संकेत दे दिए हैं कि उनकी प्राथमिकताओं में अनुशासन, पारदर्शिता और जनता के प्रति जवाबदेही सबसे ऊपर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *