वाराणसी थाने में महिला दरोगा का थप्पड़ कांड, VIDEO वायरल होते ही हुआ बड़ा एक्शन

Share This

वाराणसी के चौबेपुर थाना परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में थाने में तैनात महिला उपनिरीक्षक रोशनी सिंह और एक महिला के बीच तीखी नोकझोंक होती दिखाई दे रही है। विवाद के दौरान महिला उपनिरीक्षक द्वारा महिला को थप्पड़ मारने का दृश्य भी वीडियो में कैद हो गया, जिसके वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।

ये है मामला

जानकारी के अनुसार, चौबेपुर थाने में एक व्यक्ति के खिलाफ प्राप्त प्रार्थना पत्र के संबंध में पुलिस पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान संबंधित व्यक्ति की पत्नी गीता देवी भी थाने पहुंच गईं। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान किसी बात को लेकर गीता देवी और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि गीता देवी ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और महिला उपनिरीक्षक के साथ धक्का-मुक्की भी की। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और इसी दौरान महिला उपनिरीक्षक ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो किसी मौजूद व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मामले में एक नया मोड़ तब आया जब गीता देवी ने पुलिस को लिखित बयान देकर कहा कि घटना में उनकी भी गलती थी और वह किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई नहीं चाहती हैं। इसके बावजूद वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस विभाग ने मामले की समीक्षा की।

डीसीपी ने किया सस्पेंड

सूत्रों के अनुसार, डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने प्रथम दृष्टया मामले को गंभीर मानते हुए महिला उपनिरीक्षक रोशनी सिंह को निलंबित कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विभागीय जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *