बच्चों को बचाने में घायल हुए SOG जवान, फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश ढेर

Share This

फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में शुक्रवार को बदमाशों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) के दो जवान घायल हो गए। घटना नगला कन्हई क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास हुई, जहां पुलिस टीम बदमाशों को पकड़ने पहुंची थी। घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल शिकोहाबाद संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां से एक जवान की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आगरा रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार घायल एसओजी जवानों की पहचान डेविड चौहान और पुष्पेंद्र चौधरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में दोनों जवानों को गोली लगी। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और दोनों बदमाशों को मार गिराया।

ऐसे शुरु हुई मुठभेड़

जानकारी के मुताबिक, इटावा की फ्रेंड्स कॉलोनी में तीन बदमाशों ने 3 जुलाई को एक डॉक्टर के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो अन्य बदमाशों की तलाश जारी थी। शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी शिकोहाबाद क्षेत्र में मौजूद हैं।

एसओजी टीम ने बदमाशों का पीछा करते हुए नगला कन्हई गांव तक पहुंचकर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही दोनों बदमाश भागते हुए प्राथमिक विद्यालय में घुस गए। आरोप है कि बदमाशों ने स्कूल में मौजूद बच्चों को अपनी ढाल बनाने की कोशिश की। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई की।

दोनों बदमाश मारे गए

मुठभेड़ के दौरान हुई फायरिंग में एसओजी के दोनों जवान घायल हो गए। पुलिस ने स्कूल को चारों ओर से घेर लिया और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए। बाद में पुलिस कार्रवाई में दोनों बदमाश मारे गए। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *