केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को दिल्ली का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया है। इस संबंध में मंत्रालय की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। अनुराग कुमार अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्रशासित प्रदेश (एजीएमयूटी) कैडर के 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उनकी नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
सतीश गोलचा को किया गया मुक्त
गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार, अनुराग कुमार अब दिल्ली पुलिस की कमान संभालेंगे। वहीं, मौजूदा पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा को उनके पद से कार्यमुक्त कर दिया गया है। उन्हें आगे की नियुक्ति के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल को रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है।
सतीश गोलचा एजीएमयूटी कैडर के 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान दिल्ली पुलिस में कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं। अब प्रशासनिक फेरबदल के तहत उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
ये होंगी चुनौतियां
अनुराग कुमार को एक अनुभवी और प्रशासनिक दृष्टि से दक्ष अधिकारी माना जाता है। उनके सामने राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, महिलाओं की सुरक्षा, साइबर अपराध पर अंकुश और पुलिस व्यवस्था को आधुनिक बनाने जैसी महत्वपूर्ण चुनौतियां होंगी। उनकी नियुक्ति को दिल्ली पुलिस के नेतृत्व में एक अहम बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।