अमेठी: उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (दरोगा) भर्ती परीक्षा के परिणाम ने अमेठी पुलिस के लिए गर्व का अवसर लेकर आया है। जिले में तैनात 30 सिपाहियों का चयन दरोगा पद पर हुआ है। कठिन पुलिस ड्यूटी के साथ नियमित अध्ययन और मजबूत संकल्प के दम पर इन पुलिसकर्मियों ने यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता पूरे पुलिस विभाग के लिए प्रेरणा बन गई है।
लिस्ट में ये शामिल
चयनित पुलिसकर्मियों में गोपनीय शाखा के गंगादीन, पुलिस लाइन के सत्येंद्र कुमार, इन्हौना थाने के गोविंद यादव, विजय पाल, आकाश कुमार और शालिनी, बाजारशुकुल के अभिषेक कुमार, मोहनगंज के शिवकांत और आशीष सिंह, मुसाफिरखाना की प्रियंका यादव, स्नेहा, शिवनाथ प्रसाद और शैलेश, मुंशीगंज की प्रभा और उमका देवी, भाले सुल्तान की अन्या पोरवाल और अविजीत यादव, पीपरपुर के कोमल पाल, सुशील कुमार, अतुल सिंह और धनराज निगम, रामगंज की प्रिन्सी देवी, संग्रामपुर के दीपेन्द्र सिंह और अभिजीत कटियार, जायस के मोहम्मद फारुख, जामो के अश्वनी कुमार, जगदीशपुर के विशाल गुप्ता, अमेठी के कुलदीप कुमार तथा गौरीगंज के अखिलेश यादव और गौरव कुमार शामिल हैं।
इनमें गंगादीन की सफलता विशेष चर्चा में है। वर्ष 2015 में सिपाही के रूप में भर्ती हुए गंगादीन ने 11 वर्षों तक ड्यूटी के साथ पढ़ाई जारी रखी और दरोगा बनने का सपना पूरा किया। उनके सगे भाई महेंद्र, जो बलिया में सिपाही हैं, उनका भी इसी परीक्षा में उपनिरीक्षक पद पर चयन हुआ है। जिले की आठ महिला पुलिसकर्मियों ने भी इस परीक्षा में सफलता हासिल कर मिसाल पेश की है।
एसपी ने दी बधाई
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने सभी चयनित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि ड्यूटी के साथ प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल करना अनुकरणीय उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इन जवानों की मेहनत अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी और यह उपलब्धि पूरे अमेठी पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है।