कांवड़ यात्रा को लेकर यूपी पुलिस अलर्ट, DGP राजीव कृष्ण ने दिए जीरो इंसिडेंट-जीरो एक्सीडेंट के निर्देश

Share This

उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी फील्ड अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अहम निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा “जीरो इंसिडेंट और जीरो एक्सीडेंट” के लक्ष्य के साथ संपन्न कराई जाए और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

डीजीपी ने कहा ये

डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

बैठक में सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। डीजीपी ने कहा कि सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लगातार मॉनिटरिंग की जाए और भ्रामक पोस्ट, अफवाह या भड़काऊ बयानबाजी करने वाले लोगों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि सामाजिक सौहार्द प्रभावित न हो।

इन मामलों में भी दिए निर्देश

इसके अलावा, उन्होंने अपराध नियंत्रण को लेकर भी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। हत्या, डकैती, लूट और चेन स्नैचिंग जैसे गंभीर मामलों का शीघ्र खुलासा करने, सक्रिय अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करने तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात, त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया और सोशल मीडिया पर प्रभावी निगरानी के जरिए यात्रा को पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *