मेरठ: थप्पड़ विवाद के बीच एसएसपी अविनाश पांडेय की अपील, समर्थन में एक और विरोध में दो पौधे लगाने को कहा

Share This

 

मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अविनाश पांडेय ने हालिया विवाद के बीच एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि जो लोग उनके समर्थन में हैं, वे एक पौधा लगाएं, जबकि जो उनसे असहमत हैं, वे दो पौधे लगाकर समाज के लिए सकारात्मक योगदान दें। उनका कहना है कि विरोध और समर्थन दोनों का इस्तेमाल रचनात्मक कार्यों के लिए होना चाहिए।

ये है मामला 

एसएसपी ने लोगों से वृक्षारोपण के साथ-साथ स्वच्छता बनाए रखने और पॉलिथीन के उपयोग से बचने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को बेहतर और सुरक्षित वातावरण देना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

थप्पड़ विवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्य पुलिस के पास सुरक्षित हैं। यदि किसी के मन में किसी तरह की शंका या शिकायत है तो वह सीधे संवाद कर सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जाएगा।

एसएसपी ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई किसी जाति, वर्ग या समुदाय को निशाना बनाकर नहीं की जाती, बल्कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी स्थिति में समाज को बांटने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों का समर्थन न करें।

अंत में कहा ये

अपने संदेश के अंत में उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने, पुलिस की वर्दी की गरिमा को ठेस पहुंचाने या अपराधियों का संरक्षण करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संविधान और कानून के प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *