5 मिनट में वर्दी उतरवा दूंगा…मुजफ्फरनगर में कांवड़िए ने इंस्पेक्टर को दी धमकी

Share This

 

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस और कांवड़ियों के बीच उस समय तनाव पैदा हो गया, जब डबल-डेकर DJ पर चढ़े कुछ श्रद्धालुओं को सुरक्षा कारणों से नीचे उतरने के लिए कहा गया। इसी दौरान एक कांवड़िए ने कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर बृजेश शर्मा को खुलेआम धमकी देते हुए कहा, “अगर वर्दी का इतना गुरूर है तो बता दो, पांच मिनट में उतरवा दूंगा।” घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस दिखाई दे रही है।

ये है मामला 

जानकारी के अनुसार, हरिद्वार से गंगाजल लेकर गाजियाबाद लौट रहे कांवड़ियों का जत्था शुक्रवार रात मुजफ्फरनगर के शिव चौक पहुंचा था। रास्ते में कुछ श्रद्धालु डबल-रूफ वाले DJ वाहन की छत पर चढ़कर नाच रहे थे। पुलिस ने ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन को देखते हुए संभावित हादसे की आशंका जताई और सभी को नीचे उतरने की अपील की।

पुलिस की इस कार्रवाई पर कुछ कांवड़िए नाराज हो गए और इंस्पेक्टर से बहस शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी (सीओ) के सामने भी हंगामा जारी रहा। बताया गया कि विवाद के दौरान एक युवक फोन पर और लोगों को बुलाने की बात भी करता सुनाई दिया।

स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और समझाइश के बाद मामला शांत कराया गया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए थे।

दो हुए नामजद

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस कार्य में बाधा डालने, अभद्रता और कानून-व्यवस्था भंग करने के आरोप में दो नामजद तथा 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर मिली है। वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *