जालौन जिले में तैनात एक सिपाही विवादों में घिर गया है। कालपी कोतवाली क्षेत्र की एक युवती ने सिपाही पर शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये है मामला
पुलिस के मुताबिक, कालपी क्षेत्र के शेखपुर गुढ़ा गांव निवासी अंकित निषाद की करीब दो साल पहले क्षेत्र की एक युवती से पहचान हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बातचीत का सिलसिला आगे बढ़ा। युवती का आरोप है कि इसी दौरान सिपाही ने शादी करने का आश्वासन देकर उसका शोषण किया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि रिश्ते की जानकारी दोनों परिवारों को होने के बाद शादी की बात आगे बढ़ी थी। परिवारों के बीच सहमति बनने के बाद मंगनी की रस्म भी पूरी हुई थी और शादी की तारीख तय करने की प्रक्रिया चल रही थी। इस संबंध में दोनों पक्षों की ओर से शपथ पत्र दिए जाने की बात भी सामने आई है।
युवती का आरोप है कि अंकित निषाद के पुलिस विभाग में सिपाही पद पर चयनित होने के बाद परिस्थितियां बदल गईं। आरोप है कि नौकरी लगने के बाद सिपाही और उसके परिवार वालों ने शादी से पीछे हटना शुरू कर दिया। युवती और उसके परिवार ने कई बार बातचीत के जरिए मामला सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
इसके बाद पीड़िता ने कालपी कोतवाली में पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी सिपाही के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसएचओ ने दी जानकारी
कालपी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि हरदोई सदर कोतवाली से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी सिपाही कुछ समय से ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहा है।