बुलंदशहर पुलिस का अपराध पर बड़ा प्रहार, 6 महीने में गैंगस्टर से लेकर माफियाओं तक पर कसा शिकंजा

Share This

बुलंदशहर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में बुलंदशहर पुलिस ने बीते छह महीनों में अपराध और अपराधियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर कई अहम उपलब्धियां हासिल की हैं। पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत संगठित अपराध, माफियाओं और आदतन अपराधियों पर लगातार कार्रवाई की गई, जिससे जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में सफलता मिली है।

पुलिस ने जारी किए आंकड़े

पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले छह महीनों में 89 हिस्ट्रीशीटर और विभिन्न गंभीर अपराधों में शामिल बदमाशों को पुलिस के रडार पर लाया गया। इनमें 20 डकैत और लुटेरे, 12 हत्या के आरोपी तथा 17 गौकशी से जुड़े अपराधी शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई की गई है।

संगठित अपराध पर शिकंजा कसने के लिए गैंगस्टर एक्ट के तहत भी बड़े पैमाने पर कार्रवाई हुई। पुलिस ने 57 मामलों में 220 अपराधियों को नामजद करते हुए गिरफ्तार किया। इसके अलावा अपराध से अर्जित करीब 1.60 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की गई। वहीं गैंगस्टर एक्ट के तहत सात माफियाओं की अवैध संपत्तियों को भी कुर्क किया गया।

गुंडा एक्ट के तहत भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। इस दौरान 351 असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि 102 अपराधियों को जिला बदर किया गया। जिला बदर के आदेश का उल्लंघन करने वाले नौ लोगों के खिलाफ अलग से मुकदमे दर्ज किए गए।

एसएसपी ने चलाया था अभियान

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इन अभियानों का उद्देश्य जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना रहा है। पुलिस का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

मीडिया सेल, बुलंदशहर के अनुसार, जनपद पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए लगातार सक्रिय और प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *