बुलंदशहर: CRPF जवान ने यूपी पुलिस के सिपाही पर पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का लगाया आरोप

Share This

बुलंदशहर में एक CRPF जवान ने यूपी पुलिस के एक सिपाही पर अपनी पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई है। पीड़ित जवान ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और अपनी पत्नी की बरामदगी के साथ आरोपी सिपाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ये है मामला

जानकारी के मुताबिक, गुलावठी थाना क्षेत्र के भटौना गांव निवासी CRPF जवान दर्शन उर्फ देव ने बताया कि उन्होंने 14 मई को गौतमबुद्धनगर निवासी रमा उर्फ जाह्नवी से कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद वह ड्यूटी पर लौट गए थे। जवान का आरोप है कि 16 जून को उनकी पत्नी अचानक घर से लापता हो गई और साथ में सोने-चांदी के जेवर और करीब दो लाख रुपये नकद भी ले गई।

पीड़ित का दावा है कि थाना खानपुर में तैनात सिपाही सनी यादव एक काले रंग की स्विफ्ट कार से उनके घर पहुंचा और उनकी पत्नी को अपने साथ ले गया। जवान ने यह भी कहा कि उनके पास घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज मौजूद हैं और उन्होंने पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है।

सिपाही ने कहा ये

हालांकि, आरोपी सिपाही सनी यादव ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि उनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है और उन्हें जानबूझकर फंसाया जा रहा है। सिपाही ने दावा किया कि वह अपने परिवार के साथ रह रहे हैं और उनके पास अपने पक्ष में फोटो और वीडियो सबूत भी हैं।

वहीं, पुलिस का कहना है कि महिला की ओर से भी एक अलग शिकायत मिली है, जिसमें उसने बताया कि वह अब अपने परिवार के साथ रह रही है। थाना प्रभारी के अनुसार पूरे मामले की जांच की जा रही है और सभी पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *