उत्तर प्रदेश के मेरठ में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गंगानगर थाने में तैनात एक दारोगा को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपी दारोगा को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
ऐसे हुए गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, गंगानगर थाने में तैनात 1993 बैच के उपनिरीक्षक प्रकाश चंद पर एक मुकदमे की विवेचना के दौरान आरोपी का नाम हटाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना एंटी करप्शन संगठन को दी, जिसके बाद टीम ने पूरे मामले की योजना बनाकर कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि दारोगा ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम देने के लिए पुलिस लाइन के गेट नंबर-3 पर बुलाया था। तय योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता जैसे ही 20 हजार रुपये लेकर मौके पर पहुंचा और दारोगा ने रकम स्वीकार की, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे तुरंत पकड़ लिया। पूरी कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से रिश्वत की रकम भी बरामद की गई।
थाने ले गई पुलिस
गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी दारोगा को सिविल लाइन थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई। इस बीच कार्रवाई से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें टीम आरोपी को अपने साथ ले जाती दिखाई दे रही है। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।