सहारनपुर में पुलिस टीम पर हमला, दरोगा घायल, वर्दी फाड़ी; सात नामजद समेत कई पर केस

Share This

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के नूरबस्ती मोहल्ले में पुलिस पर पथराव किया गया और लाठी-डंडों, लोहे की सरिया व धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप है। इस घटना में एक उपनिरीक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी वर्दी भी फाड़ दी गई। पुलिस ने सात नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

ये है मामला

जानकारी के अनुसार, नूरबस्ती में सोमवार को दो पक्षों के बीच हुए झगड़े के मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी सिलसिले में बुधवार रात नगर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक शौकीन खान अपनी टीम के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में पहुंचे थे। आरोप है कि पुलिस के पहुंचते ही कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते पुलिस टीम पर पथराव होने लगा।

पुलिस का आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने लाठी-डंडों, लोहे की सरिया और धारदार हथियारों से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। हमले में उपनिरीक्षक शौकीन खान के सिर पर गंभीर चोट आई और धक्का-मुक्की के दौरान उनकी वर्दी भी फाड़ दी गई। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल नहीं होने के कारण टीम को पीछे हटना पड़ा।

दारोगा अस्पताल में भर्ती

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात पर काबू पाया। घायल उपनिरीक्षक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया। पुलिस ने इस मामले में सोहेल, नौशाद, आरिफ, कैफ, आमिर, बाबर और चांद बीबी समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस टीम पर हमला, बलवा और मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस ने नौशाद नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि फरार आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *