उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। शुक्रवार को शामली और बुलंदशहर में हुई दो अलग-अलग पुलिस कार्रवाइयों में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। शामली में हुई मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश महताब उर्फ बेचैन की मौत हो गई, जबकि बुलंदशहर में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ऐसे हुई मुठभेड़
शामली के कांधला थाना क्षेत्र के खंद्रावली जंगल में पुलिस को सूचना मिली थी कि बाइक सवार दो बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी जंगल के रास्ते फरार हो गया। मुठभेड़ के दौरान उपनिरीक्षक दीपचंद भी गोली लगने से घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल बदमाश को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, उसकी पहचान महताब उर्फ बेचैन के रूप में हुई है। वह कुख्यात मुकीम उर्फ काला गैंग से जुड़ा हुआ था और उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती समेत करीब 30 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। मौके से पुलिस ने एक देसी कारबाइन, एक पिस्टल और बड़ी संख्या में जिंदा व खाली कारतूस बरामद किए हैं। फरार बदमाश की तलाश के लिए आसपास के इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
बुलंदशहर में भी मुठभेड़
उधर, बुलंदशहर के अरनिया थाना क्षेत्र में भी देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तालिब नाम का आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी जबरशेर को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, चोरी किया गया कॉपर तार, बाइक और ताला तोड़ने के औजार बरामद हुए हैं। पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई में जुटी है।