लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) की तिथि घोषित कर दी है। बोर्ड द्वारा जारी सूचना के अनुसार अभिलेखों की संवीक्षा एवं शारीरिक मानक परीक्षण (DV/PST) में सफल घोषित अभ्यर्थियों का शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) 29 जून 2026 से शुरू होगा।
वेबसाइट पर उपलब्ध है प्रवेश पत्र
बोर्ड ने PET में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए हैं। पात्र अभ्यर्थी अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्म तिथि की सहायता से लॉगिन कर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। भर्ती बोर्ड ने सभी अभ्यर्थियों को समय रहते प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसमें अंकित निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की सलाह दी है।
भर्ती प्रक्रिया के तहत पहले चरण में दस्तावेज सत्यापन (DV) और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) आयोजित किया गया था। इनमें सफल अभ्यर्थियों को अब शारीरिक दक्षता परीक्षण से गुजरना होगा। PET भर्ती प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण माना जाता है, जिसमें अभ्यर्थियों की शारीरिक क्षमता का परीक्षण किया जाएगा।
प्रवेश पत्र लेकर पहुंचे अभ्यर्थी
बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें तथा प्रवेश पत्र के साथ आवश्यक पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ लेकर आएं। PET में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।